– भिवाड़ी की घटना, 2 की हालत गंभीर
जयपुर :- राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी कस्बे में सोमवार को पटाखे बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे में 8 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा पारीक ने बताया कि इस गारमेंट फैक्टरी में अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि फैक्टरी में फंसे दो लोगों को निकालकर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. यह हादसा भिवाड़ी के खुशखेड़ा-करोली औद्योगिक क्षेत्र में हुआ. पारीक ने कहा कि परिसर को गारमेंट फैक्टरी के लिए किराए पर लिया गया था.




