spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एक ही रात में 5 दुकानों के ताले टूटे

– महिला समेत गिरोह CCTV में कैद

नागपुर :- नागपुर के सीताबर्डी मुख्य बाजार में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया गया। हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में एक महिला भी शामिल है और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है। सीताबर्डी के व्यस्त मुख्य बाजार पेठ इलाके में जहां रात में भी चहल-पहल रहती है, वहीं चोरों ने सुनसान का फायदा उठाकर एक के बाद एक पांच दुकानों को निशाना बनाया। सबसे पहले चोर एआर मेंस नाम की रेडीमेड कपड़ों की दुकान में घुसे, जहां से करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी की और वहीं कपड़े बदलकर आगे बढ़ गए।

इसके बाद आशीर्वाद कलेक्शन में घुसकर 45 हजार रुपये नकद और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पर हाथ साफ किया। फिर फ्रेंड्स 18 यूनिफॉर्म दुकान से 55 हजार रुपये चोरी किए गए। चोरों का अगला निशाना स्काई शूज दुकान बनी, जहां से नकदी के साथ महंगे जूते भी पहनकर निकल गए। अंत में माया मोबाइल शॉपी से करीब 80 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। खास बात ये रही कि आरोपियों ने मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक सामान को हाथ नहीं लगाया, जिससे ट्रैकिंग से बचा जा सके। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक महिला अपने दो साथियों के साथ बेखौफ चोरी करते हुए नजर आ रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि जिन जगहों पर चोरी हुई, वहां स्ट्रीट लाइट बंद थी, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी वारदातें सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

Popular Articles