spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

खरात के करीबी शेलके की सड़क हादसे में मौत

नासिक :- अशोक खरात के खास सहयोगी जितेंद्र शेलके की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे। हादसे में उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की भी मृत्यु हो गई। उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। शुक्रवार को समृद्धि महामार्ग पर यह हादसा हुआ। जितेंद्र शेलके स्वयं कार चलाकर छत्रपति संभाजीनगर से शिर्डी की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार एक कंटेनर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

जितेंद्र शेलके की मौत को लेकर राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जांच की मांग तेज कर दी है। शिवसेना (ठाकरे गुट) नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि, शेलके से मामले में पूछताछ चल रही थी। ऐसे महत्वपूर्ण मोड़ पर उनका हादसे का शिकार होना शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई ने कहा कि इस मामले के तार कई रसूखदार लोगों से जुड़े हैं। ऐसे में मुख्य कड़ी का इस तरह रास्ते से हट जाना संदेह पैदा करता है। वहीं रूपाली ठोंबरे ने आशंका जताई है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश भी हो सकती है। वहीं, पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह कार की तकनीकी खराबी या मानवीय भूल थी या फिर जानबूझकर कंटेनर को कार के सामने लाया गया। फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन बढ़ते दबाव को देखते हुए इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होने की पूरी संभावना है।

Popular Articles