नागपुर :- घर जाने के लिए पति के साथ ऑटो में सवार हुई एक महिला के पर्स से 2 महिला चोरों ने 7.22 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए. हुड़केश्वर पुलिस ने अध्यापकनगर निवासी साधना भीमराव बालपांडे (58) की शिकायत पर मामला दर्ज किया. साधना हाल ही में जिला परिषद से निवृत्त हुई हैं. अपने पति भीमराव के साथ पांढुर्णा में आयोजित भतीजे के विवाह समारोह में हिस्सा लेने गई थीं. शुक्रवार की शाम ट्रेन से नागपुर पहुंचीं. स्टेशन के पूर्वी द्वार से दोनों ऑटो में सवार हुए. बैद्यनाथ चौक के समीप ऑटो चालक ने 2 महिलाओं को बैठा लिया. दोनों महिलाएं मानेवाड़ा रोड के वैरागड़े अस्पताल के समीप उतर गईं. घर पहुंचकर साधना ने किराया देने के लिए पर्स देखा तो चेन खुली थी और उसमें रखी छोटी पर्स गायब थी. उस पर्स में 14 तोला सोने के जेवरात रखे थे. ऑटो में सवार 2 महिला चोरों द्वारा जेवरात चोरी किए जाने का संदेह है. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी.








