खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता शिविर
राजनांदगांव २४ ; खिलाड़ियों की सुरक्षा और संपूर्ण स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
हॉकी खेल के दौरान अक्सर खिलाड़ियों को चेहरे और दांतों में चोट लगने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए एम्स रायपुर के दंत चिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने राजनांदगांव के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित विशेष शिविर में खिलाड़ियों का नि:शुल्क दंत परीक्षण किया। इस शिविर में राजनांदगांव के साथ-साथ आसपास के जिलों के भी सैकड़ों खिलाड़ी शामिल हुए।
परीक्षण शिविर में खिलाड़ियों को दंत सुरक्षा, माउथगार्ड के उपयोग, नियमित जांच और दैनिक स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।
खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: फ़िरोज़ अंसारी
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा, “इस शिविर का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों की वर्तमान दंत स्थिति की जांच करना था, बल्कि उन्हें भविष्य में होने वाली संभावित समस्याओं से बचाव के प्रति भी जागरूक करना है। खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
“खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के प्रति यह जागरूकता अत्यंत सराहनीय: डॉ रमजिया रहीम
एम्स रायपुर के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. रमजिया रहीम ने कहा की छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी की खेल और खिलाड़ियों के प्रति सजगता एवं संवेदनशीलता का एक ऐतिहासिक उदाहरण देखने को मिला। छत्तीसगढ़ हॉकी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के प्रति यह जागरूकता अत्यंत सराहनीय है और यह हॉकी संघ की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।”
दंत परीक्षण में उपस्थित डॉ मुग़लिंन्द्र रवि एवं डॉ पलकजीत कौर ने खिलाड़ियों को खेल के दौरान दाँतो में लगने वाली चोटों की प्राथमिक चिकित्सा और उसके त्वरित उपयोग के बारे में जानकारी दी। डॉक्टरों की टीम ने दंत सुरक्षा उपकरणों, विशेष रूप से माउथगार्ड के नियमित उपयोग पर जोर दिया।
सुरक्षा की दिशा में एक सार्थक कदम:भूषण साव
जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के सदस्य एवं वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक भूषण साव ने कहा, “यह पहल न केवल शारीरिक सुरक्षा की दिशा में एक सार्थक कदम है, बल्कि खिलाड़ियों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना भी विकसित करती है।”
हॉकी संघ, खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु न केवल मैदान पर, बल्कि मैदान के बाहर भी पूर्ण रूप से सजग और संवेदनशील : मृणाल चौबे
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच मृणाल चौबे ने इस आयोजन को महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह शिविर हॉकी संघ की खिलाड़ियों के प्रति चिंता और समर्पण को दर्शाता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिला हॉकी संघ राजनांदगांव एवं छत्तीसगढ़ हॉकी संघ, खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु न केवल मैदान पर, बल्कि मैदान के बाहर भी पूर्ण रूप से सजग और संवेदनशील हैं।
खिलाड़ियों ने भी इस पहल की प्रशंसा की और दंत स्वास्थ्य को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर खेलो इंडिया के हॉकी कोच शकील अहमद,कस्टम पुणे के राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दीपेश चौबे, दिलीप रावत, किशोर धीवर , मुकेश जायसवाल तथा हॉकी संघ के अन्य पदाधिकारीगण, प्रशिक्षक, और अनेक युवा खिलाड़ी उपस्थित थे। सभी ने इस स्वास्थ्य परीक्षण को बेहद उपयोगी और प्रेरणास्पद बताया।




