spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

पारडी में 18 मकान ध्वस्त

– यूपी मॉडल की तर्ज पर प्रहार, लगातार चल रहा बुलडोजर

नागपुर :- शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात को सुगम करने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब महानगर पालिका ने भी अवैध निर्माण को निशाना बनाना शुरू शुरू कर दिया है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले धरमपेठ जोन में सेमिनेरी हिल्स में 5 आवास और 5 दुकानों पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद शुक्रवार को महानगर पालिका ने पारडी में 18 मकानों पर भी बुलडोजर चलाते हुए उन्हें पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान विरोध का प्रयास तो किया गया, किंतु भारी पुलिस बंदोबस्त में दस्ते ने कार्रवाई को अंजाम दिया. हालांकि विरोध के प्रयास के कारण कुछ देर के लिए परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. कार्रवाई में सड़क निर्माण में बाधा बन रहे पक्के निर्माण को तोड़ने के साथ-साथ फुटपाथों पर लगीं अवैध दुकानों और ठेलों को हटाया गया.

लकड़गंज जोन में भांडेवाड़ी रेलवे स्टेशन रोड, पारडी परिसर में बड़ी कार्रवाई के बाद दस्ते ने एचबी टाउन से सीए रोड, गरोबा मैदान और शास्त्री नगर परिसर में भी फुटपाथ और सड़क किनारे लगे अवैध ठेलों को हटाया. इस कार्रवाई के दौरान एक ठेला और अन्य अतिक्रमण सामग्री भी जब्त की गई. इसके अलावा, दिघोरी उमरेड रोड परिसर में भी सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर लगे अवैध ठेलों और सामग्री को हटाने की सख्त कार्रवाई की गई. अन्य दस्ते ने धरमपेठ जोन में जोनल कार्यालय से कार्रवाई शुरू कर सीताबर्डी मेन रोड, वैरायटी चौक और वापस सीताबर्डी मेन रोड तक पूरे दिन यह अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर कब्जा जमाए बैठे अवैध ठेलों और दुकानों को हटाया गया.

गांधीबाग में भी घूमा दस्ता

गांधीबाग जोन अंतर्गत दस्ते ने संयुक्त रूप से महाल चौक, बड़कस चौक, केडीबाग रोड, गडकरी वाडा परिसर और कल्याणेश्वर मंदिर परिसर में अतिक्रमण हटाया. यह कार्रवाई भी दिन भर चली, जिसमें सड़कों और फुटपाथों से अवैध दुकानें हटाई गईं. महानगर पालिका की यह पूरी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई प्रवर्तन विभाग के सहायक आयुक्त संजय कांबले और लकड़गंज जोन के सहायक आयुक्त विजय थूल के मार्गदर्शन में अतिक्रमण विरोधी दस्ते द्वारा पूरी की गई.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.