spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

प्रेमिका से दगाबाजी पड़ी महंगी

– खुला करोड़ों के ड्रग्स का राज!

नागपुर :- उप्पलवाड़ी स्थित एक फ्लैट से करीब साढ़े सात किलो एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद होने के मामले में नया और सनसनीखेज पहलू सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी मजहर अली अकबर अली (30), आजाद नगर टेका नाका नागपुर निवासी ने एक युवती (महिला मित्र) को प्रेम में धोखा दिया था। चर्चा है कि इसी नाराजगी के चलते आरोपी के ड्रग्स नेटवर्क की जानकारी पुलिस तक पहुंची। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि करीब 15 दिनों तक चलाए गए गुप्त ऑपरेशन और निगरानी का यह परिणाम है। मामले की गहन जांच के लिए पुलिस की विशेष टीमें दोनों राज्यों उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई हैं।

नागपुर के इतिहास की सबसे बड़ी कार्रवाई : इस संदर्भ को पुलिस भवन में आयोजित पत्र परिषद में पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि रविवार को नागपुर पुलिस ने उप्पलवाड़ी स्थित एसडीपीएल आश्रय इमारत में छापा मारकर मजहर अली के कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य का करीब 7.5 किलो एमडी ड्रग्स, दो मोबाइल फोन और एक सोनेट कार सहित कुल 2.37 करोड़ रुपए का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई नागपुर में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स जब्ती में से एक मानी जा रही है। पुलिस उपायुक्त संदीप पखाले के मार्गदर्शन में तैयार किए गए ऑपरेशन ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह ड्रग्स उसे उत्तर प्रदेश के एक तस्कर से मिला था। जांच में यह भी सामने आया कि खेप नई दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए मध्यप्रदेश होते हुए नागपुर पहुंचाई गई थी।

प्रेम जाल और धोखा : आरोपी ने एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का भरोसा दिलाया था। बाद में युवती को पता चला कि मजहर पहले से शादीशुदा है। इससे दोनों के संबंधों में तनाव पैदा हो गया। चर्चा है कि इसी के बाद आरोपी की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी पुलिस तक पहुंची। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इस पहलू की पुष्टि नहीं की है। जांच में यह भी सामने आया है कि मजहर ने एसडीपीएल आश्रय इमारत के ए-विंग स्थित फ्लैट नंबर 103 करीब एक वर्ष पहले अशोक जयपुरकर से किराए पर लिया था। वह नियमित रूप से वहां आता-जाता था। फ्लैट में एक महिला भी उसके साथ रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि यह फ्लैट ड्रग्स तस्करी के लिए ‘सेफ हाउस’ और स्थानीय पेडलरों को माल पहुंचाने का डिलीवरी प्वाइंट भी हो सकता है। कुछ दिन पहले मजहर ने सेंट्रल एवेन्यू क्षेत्र में जाकर ड्रग्स की डिलीवरी ली थी। इसके बाद वह माल को एमएच-24 बीएल-9950 नंबर की कार से उप्पलवाड़ी स्थित फ्लैट तक लेकर आया और वहां छिपाकर रखा था।

Popular Articles