चंद्रपुर :- महाराष्ट्र के चंद्रपुर में स्थित ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य (टीएटीआर) के अंदरुनी क्षेत्र में 30 जून से 30 सितंबर तक पर्यटकों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वन अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष मानसून के दौरान लागू की जाने वाली यह रोक वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यटकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक पी. एन. शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि इस अवधि में सभी बफर (सुरक्षा) क्षेत्र के पर्यटन द्वार और बफर पर्यटन क्षेत्र पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे। हालांकि, उनका संचालन मौसम की स्थिति और समय-समय पर जारी प्रशासनिक निर्देशों पर निर्भर करेगा। अधिकारियों ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान 30 जून से 30 सितंबर तक अभयारण्य के अंदरुनी क्षेत्र पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे। यह निर्णय वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। शुक्ला ने ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य की वेबसाइट हैक होने के दावों को भी खारिज कर दिया। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया था कि कोई व्यक्ति अवैध रूप से ऑनलाइन टिकटों का 80 प्रतिशत हिस्सा बेच रहा है। वरिष्ठ वन अधिकारी ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि पोस्ट की मानहानिकारक प्रकृति को देखते हुए इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है
30 जून से 30 सितंबर तक पर्यटकों के प्रवेश पर रोक रहेगी

Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.


