– एआई रखेगा सफाई पर नजर, गंदगी मिली तो लगेगा जुर्माना
नई दिल्ली :- ट्रेनों में लंबी दूरी का सफर करने वाले उन तमाम यात्रियों के लिए एक बहुत अच्छी और बड़ी खबर है जो सिर्फ खाने की खराब क्वालिटी के डर से घर से भारी-भरकम टिफिन लेकर चलते थे। भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम ने यात्रियों को ट्रेनों में ही शुद्ध, साफ-सुथरा और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के लिए एक बेहद आधुनिक और बड़ा कदम उठाया है। अब देश भर की करीब 800 बेस किचन (रसोइयों) में खाना बनाने और साफ-सफाई की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक को तैनात कर दिया गया है।
इसकी चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग के लिए दिल्ली स्थित आईआरसीटीसी मुख्यालय में एक हाई-टेक वार रूम भी बनाया गया है। आईआरसीटीसी ने देश भर की लगभग 800 रसोइयों में एआई मॉनिटरिंग सिस्टम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। इन किचन में कुल 2,394 हाई-डेफिनिशन कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे वहां होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर दिन-रात नजर रखते हैं ताकि खाना बनाते समय स्वच्छता के मानकों से कोई समझौता न हो सके।
एआई पर आधारित यह एडवांस सिस्टम खाने की शुद्धता और सफाई से जुड़ी 9 मुख्य चीजों की पहचान करने में सक्षम है। यह सिस्टम तुरंत पकड़ लेता है कि कर्मचारियों ने सिर पर हेयरनेट और हाथों में ग्लव्स (दस्ताने) पहने हैं या नहीं। फर्श की ठीक से पोछाई और किचन की नियमित सफाई हो रही है या नहीं। सबसे खास बात यह है कि अगर किचन में कोई चूहा, मक्खी, कॉकरोच या छोटा सा कीड़ा भी नजर आता है तो यह एआई सिस्टम तुरंत उसे डिटेक्ट कर अलार्म जनरेट कर देता है।
आईआरसीटीसी के सीएमडी संजय जैन के अनुसार जैसे ही एआई सिस्टम को किचन में कोई भी गड़बड़ी या गंदगी नजर आती है वह संबंधित रसोई मैनेजर के मोबाइल पर तुरंत एक ऑटोमैटिक अलर्ट भेज देता है। यदि तय समय के भीतर उस समस्या को ठीक नहीं किया जाता तो यह शिकायत सीधे सीनियर अधिकारियों के पास पहुंच जाती है। आमतौर पर अलर्ट मिलने के दो घंटे के भीतर हर हाल में समस्या का समाधान कर दिया जाता है।



