– अब तक 70 तस्कर गिरफ्तार, नागपुर का आरोपी भी शामिल ₹2 करोड़ का नशा बरामद
– नागपुर तक फैला नेटवर्क
उज्जैन :- मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत उज्जैन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने गरुड़ ब्रिज के नीचे खड़ी एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार से 1 किलो 15 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार निवासी अमित तिवारी और नागपुर निवासी पंकज उर्फ़ राहुल शामिल हैं। पंकज उर्फ़ राहुल के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
मंदसौर से खरीदा, नागपुर में होनी थी सप्लाई
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि एमडी ड्रग्स मंदसौर से खरीदी गई थी और इसकी खेप नागपुर ले जाकर सप्लाई की जानी थी। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम मंदसौर रवाना की गई है। मुख्य सप्लायर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एसपी शर्मा के अनुसार पूछताछ में दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमडी ड्रग्स के अलावा स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब इस मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई चैन के महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 70 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। हाल ही में पुलिस ने एमडी ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले प्रीकर्सर केमिकल “टू ब्रोमो” की बड़ी खेप भी जब्त कर नशा निर्माण की एक बड़ी साजिश को विफल किया था।
कई आरोपी जिला बदर
उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है । कई आरोपियों को जिला बदर कराया गया है, जबकि एनडीपीएस एक्ट के तहत जारी वारंटों की तामील कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा रहा है । पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।







