नई दिल्ली :- सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह लोगों से क्या-क्या नहीं करवा रही. कोई खतरनाक स्टंट करता है, कोई फर्जी खबर फैलाता है, तो कोई सिर्फ कुछ लाइक्स और कमेंट्स के लिए अपनी ही जिंदगी को तमाशा बना देता है. लेकिन बिहार के कटिहार जिले से सामने आया मामला इन सबसे अलग है. यहां एक शख्स पर आरोप है कि उसने अपनी ही पत्नी की प्राइवेट तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने शुरू कर दिए. वजह? शक, गुस्सा और सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने की अजीबोगरीब चाह.
इस सनकी व्यक्ति की शादी साल 2023 में हुई थी. परिवार के लोगों के मुताबिक, पति को अपनी पत्नी पर लगातार शक रहता था. पत्नी अगर मायके चली जाए, फोन देर से उठाए या किसी रिश्तेदार से ज्यादा बात कर ले, तो उसे संदेह होने लगता. धीरे-धीरे यह शक इतना बढ़ गया कि पति को लगने लगा कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है. हालांकि इन आरोपों की कभी पुष्टि नहीं हुई. लेकिन शक का यह बीज उसके दिमाग में लगातार बढ़ता रहा.
इसी बीच पति-पत्नी के रिश्ते में दूरियां आने लगीं. दोनों के बीच विवाद बढ़े और पत्नी मायके में रहने लगी. यहीं से मामला और गंभीर हो गया. आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की निजी तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल उसे बदनाम करने के लिए करना शुरू कर दिया. क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल करने लगा.
पत्नी को इसकी जानकारी मिली तो उसके लिए यह सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं रहा, बल्कि उसकी गरिमा, निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा का सवाल बन गया. कई लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि कोई व्यक्ति ऐसा क्यों करेगा?
जांच अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे मामलों में अक्सर दो वजहें सामने आती हैं. पहली, बदला लेने की मानसिकता. दूसरी, सोशल मीडिया पर अचानक चर्चा में आने की चाह. आरोप है कि इस मामले में भी दोनों बातें एक साथ दिखाई देती हैं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया पर एक्टिव था. वह फेमस होना चाहता था और इसी कोशिश में उसने वह सीमा पार कर दी. वह अपनी पत्नी के प्राइवेट वीडियो क्लिप और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करने लगा. पत्नी को पता चला तो वह हैरान रह गई. उसने आखिरकार साइबर पुलिस से संपर्क किया.







