spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुलिस थाने के अंदर ही पिता ने बेटी को चाकू से गोदा

– लव मैरिज करने से था नाराज

लखनऊ :- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बदौसा थाना परिसर में शुक्रवार को एक युवती की उसके पिता ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा बी गांव स्थित इंदिरा कॉलोनी निवासी सत्य कुमार चौहान की पुत्री शिवानी (19) पड़ोस में रहने वाले ललित कुमार के साथ गत 18 मई को घर से चली गई थी। इस संबंध में युवती की मां की तहरीर पर ललित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था और पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को पुलिस ने मध्य प्रदेश के बरौंधा घाटी क्षेत्र से दोनों को बरामद कर बदौसा थाने लाई। पूछताछ के दौरान दोनों ने आपसी सहमति से विवाह करने की बात कही। पुलिस युवती को चिकित्सीय परीक्षण और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी। नियमानुसार युवती के परिजनों को भी थाने बुलाया गया था।

पुलिस ने बताया कि थाने में काउंसलिंग और बातचीत के दौरान युवती के पिता ने अचानक चाकू निकालकर शिवानी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरर ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए राजकीय वीरांगना दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी पिता सत्य कुमार चौहान को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Popular Articles