नागपुर :- प्रख्यात सूफी संत हजरत बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की छब्बीसवीं शरीफ शनिवार को ताजबाग दरगाह परिसर में श्रद्धा, अकीदत और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद ताजबाग पहुंचे और बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर हाजिरी देकर देश में अमन, भाईचारे, खुशहाली तथा विश्व शांति के लिए दुआएं मांगीं। हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से छब्बीसवीं शरीफ के उपलक्ष्य में पूरे दिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ट्रस्ट कार्यालय में दस्तारबंदी की रस्म से हुई। इसके पश्चात दरगाह परिसर में परचम कुशाई की गई तथा बाबा की मजार पर फातेहा पढ़कर सलातो- सलाम पेश किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा दरगाह परिसर स्थित लंगरखाने में श्रद्धालुओं के लिए विशेष लंगर की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर में शामिल होकर बरकत हासिल की।
शाम को दरगाह परिसर में शमा महफिल, मिलाद शरीफ एवं सूफियाना कव्वाली का आयोजन किया गया। कव्वालों ने अपने कलाम और सूफी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति से पूरे वातावरण को रूहानी रंग में रंग दिया। उपस्थित अकीदतमंद सूफियाना कलाम सुनकर भावविभोर हो उठे । कार्यक्रम में हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी हाजी फारुख बावला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, मुस्तफा टोपीवाला, हाजी इमरान खान ताजी, हजरत बाबा ताजुद्दीन दरगाह खुद्दाम कमेटी के अध्यक्ष सैयद मोबीन ताजी तथा ताजबाग शाही मस्जिद के इमाम मौलाना खुर्शीद आलम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।







