spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या

लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में 3 लोगों ने शराब पीने के दौरान पैरों की मालिश से इनकार करने पर 33 वर्षीय दलित व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर घटना को दुर्घटना जैसा दिखाने के लिए पीड़ित के शव को सड़क पर फेंक दिया था।

ललितपुर के अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस को रविवार सुबह सूचना मिली कि वर्नी जैन कॉलेज के पीछे और गुरुनानक धर्मशाला के पास एक सड़क पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सिंह ने कहा कि उस व्यक्ति की पहचान राजकुमार उर्फ छन्नू (33) के रूप में हुई, जो अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए तो पता चला कि राजकुमार शनिवार रात सिविल लाइंस में स्थित सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन (38) के घर पर आयोजित एक शराब पार्टी में शामिल हुआ था। पुलिस ने बताया कि पार्टी में गजेंद्र नरवरिया उर्फ गजेंद्र सिंह राजपूत (37) और गौरव रैकवार (25) भी मौजूद थे। सिंह के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ कि कथित तौर पर नशे में धुत तीनों आरोपियों ने राजकुमार से पैरों की मालिश करने के लिए कहा।

एएसपी ने कहा कि जब राजकुमार ने इनकार कर दिया, तो तीनों व्यक्तियों ने बेल्ट और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाने के लिए उन्होंने बाद में उसके शव को सड़क पर फेंक दिया। पीड़ित की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.