spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पेपर लीक पर राज्यमंत्री का बड़ा बयान

– राहुल गांधी के आरोपों और ठाकरे-फडणवीस मुलाकात पर भी तोड़ी चुप्पी

अमरावती :- महाराष्ट्र में आज आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के पेपर लीक मामले पर राज्य के शालेय शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने सरकार का पक्ष रखते हुए बड़ा बयान दिया है। राज्यमंत्री भोयर ने साफ किया कि परीक्षा में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचनाओं और उद्धव ठाकरे-देवेंद्र फडणवीस की चर्चित विमान मुलाकात पर भी बेबाकी से जवाब दिया।

राज्यमंत्री पंकज भोयर ने बताया कि, “आज राज्यभर के 1,028 केंद्रों पर TET परीक्षा का आयोजन होना था। शारीरिक शिक्षा विभाग और परीक्षा परिषद की ओर से परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।

पंकज भोयर ने घटनाक्रम का खुलासा करते हुए कहा, “परीक्षा से तीन दिन पहले भिवंडी इलाके में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के पास परीक्षा के मूल प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पेपर होने की जानकारी मिली थी। पुलिस प्रशासन ने तत्काल इस पर त्वरित कार्रवाई की और मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चूंकि हमारी सरकार परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं करती, इसलिए पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आज होने वाली परीक्षा को रद्द (स्थगित) करने का निर्णय लिया गया।”

राहुल गांधी की ‘पेपर लीक’ वाली टिप्पणी पर पलटवार

देशभर में पेपर लीक के मुद्दों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सरकार को घेरे जाने पर राज्यमंत्री भोयर ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष में हैं, इसलिए उनका काम सिर्फ आलोचना करना है। उनके द्वारा की जा रही टीका-टिप्पणी पूरी तरह अपेक्षित है। लेकिन हकीकत यह है कि हमारी सरकार ने पेपर लीक होने से रोकने के लिए पहले ही पूरी तत्परता और खबरदारी दिखाई। जैसे ही गड़बड़ी का अंदेशा हुआ, हमने तुरंत एक्शन लिया। यह दिखाता है कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर कितनी गंभीर है।”

उद्धव ठाकरे के विदर्भ दौरे और ‘विमान मुलाकात’ पर कही यह बात

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के विदर्भ दौरे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ विमान में हुई मुलाकात की चर्चाओं पर भी राज्यमंत्री भोयर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “उद्धव ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस, दोनों ही महाराष्ट्र की राजनीति के बहुत बड़े नेता हैं। सर्विस फ्लाइट में सफर के दौरान उनके बीच वास्तव में क्या चर्चा हुई, यह सिर्फ उन दोनों को ही पता है। लेकिन राजनीति में कोई भी बात छिपी नहीं रहती, उनके बीच क्या बातचीत हुई यह भविष्य में हम सभी के सामने आ ही जाएगा।

Popular Articles