spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ग्रेनाइट कारोबारी बनकर ठगी करने वाला राजस्थान से अरेस्ट

– नागपुर के व्यापारी से 3.35 लाख की धोखाधड़ी

नागपुर :- ग्रेनाइट का थोक व्यापारी बनकर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने वाले एक शातिर ठग को नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के चुरु जिले के सरदार शहर निवासी 29 वर्षीय संदीप महेंद्रदान चारण के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के शुभांगीनगर निवासी और शिव ग्रेनाइट के संचालक रघुनाथप्रसाद गुजर से आरोपी ने 31 जनवरी 2026 को इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया। खुद को ग्रेनाइट का थोक व्यापारी बताते हुए उसने वीडियो कॉल और कैटलॉग के माध्यम से सस्ते दाम में माल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों पर विश्वास कर व्यापारी ने अलग-अलग समय पर उसके खाते में कुल 3 लाख 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये। लेकिन तय समय पर ग्रेनाइट की सप्लाई नहीं हुई। बाद में आरोपी का मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिसके बाद पीड़ित ने बेलतरोड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन राजस्थान के चुरु जिले में मिली। पुलिस टीम ने उसके गांव पहुंचकर जाल बिछाया और रविवार को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर नागपुर ले आई। पूछताछ में आरोपी ने इसी तरह चार अन्य कारोबारियों के साथ भी धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल, बेलतरोड़ी पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर बाबूराव राऊत, पीएसआई जितेश आरवेल्ली, हेड कांस्टेबल सतीश ठाकरे, अजय यादव और गोविंद देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Popular Articles