– करीब 42 लाख रुपये के मोबाइल बरामद
नागपुर :- नागपुर शहर पुलिस के परिमंडल क्रमांक-5 के अंतर्गत कलमना, यशोधरानगर, पारडी और वाठोडा पुलिस थानों ने तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से खोए हुए 221 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 41.98 लाख रुपये है।
पारडी पुलिस थाने में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के हाथों मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभार्थियों ने नागपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस अभियान को सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाळ के मार्गदर्शन में संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अवसर पर नागपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने तथा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल ब्लॉक कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके और उसे वापस पाने में मदद मिल सके। साथ ही, प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री की सूचना डायल 112 पर देने का भी आग्रह किया गया।




