spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर : 13 की मौत

– 10 घायल, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

मुंबई :- महाराष्ट्र में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक समेत कई जिलों में भारी बारिश के कारण हादसे हुए हैं। राज्यभर में अब तक बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। सबसे बड़ा हादसा 5 जुलाई को मुंबई के मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां एक झुग्गी बस्ती पर इमारत गिरने से 6 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा पालघर में एक व्यक्ति की डूबने से, मुंबई उपनगर में पेड़ गिरने से दो लोगों की, सातारा और पुणे में भूस्खलन से एक-एक व्यक्ति की, सिंधुदुर्ग में डूबने से एक, ठाणे में डूबने और मकान गिरने से दो तथा रायगढ़ में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई।

भारी बारिश का असर सार्वजनिक परिवहन पर भी पड़ा है। सुरक्षा कारणों से पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे, पुराना मुंबई-पुणे हाईवे, मिसिंग लिंक मार्ग और कुछ रेलवे मार्गों पर दोनों दिशाओं की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। मावल और ताम्हिणी घाट क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे वैकल्पिक मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अत्यावश्यक कार्य होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने सतर्क रहने की अपील की

संभावित बाढ़ और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार की पूरी मशीनरी अलर्ट पर है तथा 24 घंटे नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने तथा किसी भी आपात स्थिति में सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया है।

Popular Articles