– देर रात तक थाने में डटे रहे विधायक ठाकरे
नागपुर :- कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। एक लॉन संचालक पर एक युवक को डंडे से पीटने का आरोप है। घटना के बाद मामला राजनीतिक रंग लेने लगा, जिससे दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और बजाजनगर थाने में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मामले को लेकर विधायक विकास ठाकरे भी थाने में देर रात तक डटे रहे। जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक ठाकरे का परिचित बताया गया।
जानकारी के अनुसार, विजय तालेवार बजाज नगर चौक स्थित साईं वाटिका लॉन के संचालक हैं। वहीं जय वानखेड़ एक सिक्योरिटी गार्ड एजेंसी का संचालन करते हैं। शनिवार शाम करीब 4:45 बजे जय वानखेड़े लॉन परिसर में गार्डों की जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान परिसर में अव्यवस्थित तरीके से खड़ी कारों के कारण विजय तालेवार को अपनी कार निकालने में परेशानी हुई। उन्होंने कई बार वाहन मालिक को आवाज दी, लेकिन कोई सामने नहीं आया। इसी बीच जय वानखेड़े वहां पहुंचे और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विजय तालेवार ने पास में पड़ा डंडा उठाकर जय वानखेड़े पर कई वार किए, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष बजाज नगर थाने पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों के एकत्रित होने से पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी।देर रात आरोपी तालेवार के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया।
घटना का वीडियो हुआ वायरल
मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। यह भी चर्चा रही कि जय वानखेड़े विधायक विकास ठाकरे के रिश्तेदार हैं। हालांकि, विधायक ठाकरे ने स्पष्ट किया कि जय वानखेड़े उनके रिश्तेदार नहीं, बल्कि उनके एक मित्र के पुत्र हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





