spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

कारगिल के रणबांकुरों को नमन

– कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने याद किया शौर्य और बलिदान

नागपुर :-  कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व वायु सैनिक कल्याण संगठन (ईवान), नागपुर की ओर से शहर के अजनी चौक स्थित अमर जवान स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर भारतीय चौकियों पर दोबारा तिरंगा फहराया। देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में थल सेना, नौसेना और वायुसेना के पूर्व सैनिकों के साथ माउंट कार्मेल स्कूल, स्कूल ऑफ स्कॉलर्स तथा श्री अकादमी के विद्यार्थियों, अजनी क्षेत्र के नागरिकों और मातृशक्ति ने अमर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विंग कमांडर एस. के. जैन (सेवानिवृत्त) ने की। इस दौरान अमर जवान स्मारक समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर सुनील गावपांडे, कर्नल अभय पटवर्धन, ग्रुप कैप्टन विजय हरदास, आर. वी. सिंह तथा निंभोरकर ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए और देशभक्ति, अनुशासन तथा राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में माउंट कार्मेल स्कूल, अजनी की मुख्याध्यापिका सिस्टर रेजिना जॉर्ज, श्री अकादमी की संचालिका जयश्री, पूर्व वायु सैनिक कल्याण संगठन (ईवान) के कार्याध्यक्ष महेश आंबोकर, सचिव अजय गाढवे, उपाध्यक्ष राजू धांडे, मधुकर भांडारकर, कोषाध्यक्ष सुभाष भुसारी सहित संगठन के सभी पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष के साथ हुआ।

Popular Articles