spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

पानी में डूबा महावितरण का नारा सब-स्टेशन

नागपुर :- मंगलवार को शहर में हुई मूसलाधार बारिश ने जहां कई बस्तियों को जलमग्न कर दिया, वहीं बुनियादी सुविधाओं की तैयारियों की भी पोल खोल दी। उत्तर नागपुर के नारा डीसी 33/11 केवी महावितरण सब-स्टेशन परिसर में भारी जलभराव होने से गंभीर सुरक्षा संकट उत्पन्न हो गया है। लगातार पानी भरे रहने से न केवल बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि कर्मचारियों और आसपास से गुजरने वाले नागरिकों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सब-स्टेशन परिसर में पानी भर जाने से बिजली उपकरणों का सुरक्षित संचालन करना मुश्किल हो गया है। हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

नारा सब-स्टेशन से नारी, दीक्षित नगर, कपिल नगर, कामगार नगर, दीपक नगर, केजीएन सोसाइटी, म्हाडा कॉलोनी, बैंक कॉलोनी और सान्याल नगर सहित कई बड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होती है। इन इलाकों में सैकड़ों वितरण ट्रांसफार्मर (डीपी) जमीन में धंस चुके हैं, जिसके कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। कई स्थानों पर डीपी के आसपास करंट फैलने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय नागरिकों ने महावितरण प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि सब-स्टेशन परिसर से पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था की जाए, कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और सभी विद्युत उपकरणों का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.