spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

चोरी से पहले भगवान के सामने पकड़े कान

– दानपेटी पर किया हाथ साफ, सीसीटीवी में कैद करतूत

नागपुर :- लकड़गंज थाना क्षेत्र के मालधक्का परिसर स्थित शीतला माता मंदिर और शिव मंदिर में चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चोरी करने पहुंचे दो चोरों ने पहले मंदिर में भगवान के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और इसके बाद दान पेटियों के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी चुराकर फरार हो गए। चोरों की पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर लकड़गंज पुलिस दोनों संदिग्धों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मंदिर की देखरेख और पूजा-पाठ करने वाले जितेंद्र पांडे 27 जुलाई की शाम मंदिर बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्हें मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। मंदिर के भीतर जांच करने पर दोनों दान पेटियों के ताले भी टूटे हुए पाए गए और उनमें रखी नकदी भी गायब थी। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें दो अज्ञात चोर मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दिए। फुटेज में दोनों चोर चोरी से पहले कान पकड़कर भगवान से माफी मांगते नजर आए। इसके बाद उन्होंने दान पेटियों के ताले तोड़े और उसमें रखी नकदी निकालकर मौके से फरार हो गए। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर लकड़गंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

Popular Articles