– भंडारा पुलिस ने किया 200 किलो गांजा जब्त, 1 करोड़ के माल सहित 2 अरेस्ट
नागपुर/भंडारा :- भंडारा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलो उच्च गुणवत्ता का गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई गई है। यह गांजा नागपुर, अमरावती और मुंबई में पहुंचाया जाना था। कार्रवाई से ओडिशा से संचालित हो रहे अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस ने 26 और 27 जुलाई की दरम्यानी रात साकोली थाना क्षेत्र के सेंदूरवाफा टोल प्लाजा के पास कार्रवाई की। पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। भंडारा के पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन को जानकारी देने के बाद साकोली पुलिस की टीम ने टोल प्लाजा पर जाल बिछाया। इसी दौरान ओडिशा के संबलपुर से नागपुर की ओर आ रहे पश्चिम बंगाल पंजीयन क्रमांक वाले एक ट्रक को रोका गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो लोहे के तारों के माल के बीच गांजा छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक बिहार निवासी पंकज कुमार भूषण यादव (30) और क्लीनर पश्चिम बंगाल निवासी बापी बादल मलिक (38) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ साकोली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
ढाबे पर मिला था तस्करी का प्रस्ताव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले कुछ महीनों से नियमित रूप से वैध माल का परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान संबलपुर से जुड़े गांजा तस्करी नेटवर्क के एक व्यक्ति ने उन्हें ढाबे पर अधिक पैसे कमाने का लालच देकर तस्करी के लिए तैयार किया। इसके बाद दोनों ने ट्रक को पास के जंगल क्षेत्र में ले जाकर उसमें गांजा लोड किया। योजना के अनुसार, नागपुर में एक स्थानीय संपर्क को गांजे की खेप सौंपनी थी। इसके बाद गांजे का कुछ हिस्सा नागपुर में और बाकी अमरावती तथा मुंबई में पहुंचाया जाना था। पुलिस अधीक्षक हसन ने बताया कि मामले की जांच में तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अब नागपुर में गांजे के वितरण से जुड़े लोगों और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पूरे नेटवर्क की तलाश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा हुआ है, जिसमें परिवहन से जुड़े लोगों को अधिक कमाई का लालच देकर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किया जा रहा है। जांच एजेंसियां तकनीकी निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के माध्यम से तस्करी की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस ने इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है।





