spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 वाहन बरामद

– नशे का शौक पूरा करने करते थे चोरी

नागपुर :- कलमना पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग बालक को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, कलमना थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध दोपहिया वाहन दिखाई दिया। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसके जवाबों में विरोधाभास मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वाहन चोरी की बात स्वीकार करते हुए अपने साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शक्करदारा निवासी जुनैद उर्फ जुनेद असरार खान (19), कामठी निवासी मोहम्मद साजिद मोहम्मद सलीम (19) और पांचपावली निवासी पीयूष उर्फ गड्ढा दीपक निमजे (20) को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके साथ शामिल एक नाबालिग बालक को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर कलमना क्षेत्र से चोरी किए गए तीन दोपहिया वाहन बरामद किये। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे का शौक पूरा करने के लिए पैसों का जुगाड़ करने के उद्देश्य से पहले वाहन चोरी के लिए स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस को एक वाहन चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिला था, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देते नजर आए थे। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और गिरोह का पर्दाफाश किया। कलमना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब आरोपियों की अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

Popular Articles