– पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान
नागपुर :- शांति नगर थाना क्षेत्र के लालगंज गुजरी स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का अपराध शाखा यूनिट-3 और शांति नगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर एवं आपराधिक प्रवृत्ति के आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मंदिर में स्थापित दुर्गादेवी की प्रतिमा पर रखा चांदी का मुकुट तथा लगभग दो किलो वजनी पीतल की घंटी चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 25 हजार रुपये आंकी गई थी। इस संबंध में 1 अगस्त 2026 को मंदिर के सामने रहने वाले यश अनिल किरदक (24) की शिकायत पर शांति नगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान अपराध शाखा यूनिट-3 ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजापेठ, हुडकेश्वर निवासी श्रावण कृष्णाजी खापरे (62) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 450 रुपये नकद तथा चोरी की एक पीतल की घंटी बरामद की है। बरामदगी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए शांति नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।





