spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

मानसून का कहर: यूपी-झारखंड में 17 मौतें

– हिमाचल-उत्तराखंड में 300 से अधिक सड़कें बंद

– केरल में बारिश-बाढ़ से 25 की मौत

नई दिल्ली :- देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश और बिजली से 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। केरल में 1 अगस्त से जारी भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 25 लोगों की जान जा चुकी है और चार लोग लापता हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व भूस्खलन के कारण 300 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। कई इलाकों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

झारखंड में बिजली गिरने से 14 की मौत

झारखंड में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें सबसे अधिक नौ मौतें गिरिडीह जिले में हुईं। इसके अलावा दुमका में तीन और लातेहार में दो लोगों की जान गई। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

यूपी में तीन लोगों की मौत:

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। इनमें दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से मौत हुई, जबकि 25 वर्षीय युवक की बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। उधर, बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे 40 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई स्थानों पर हाईवे पर पानी भर गया है। शामली में तेज बहाव में एक कार बह गई, जबकि एक अंडरपास में फंसी स्कूल बस को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया।

केरल में 25 मौतें, 18 हजार राहत शिविरों में

केरल में 1 अगस्त से लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। भारी बारिश और बाढ़ के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य सरकार के अनुसार, 18 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। निचले इलाकों में जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

हिमाचल और उत्तराखंड में सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण 160 से अधिक सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 190 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 58 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन के कारण यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें बंद मार्गों को खोलने में जुटी हैं।

उत्तराखंड में भी भारी बारिश के कारण 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन से आवागमन प्रभावित हुआ है। देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.