– वन विभाग ने रेस्क्यू कर नवेगांव खैरी जलाशय में छोड़ा
नागपुर :- तहसील के टेकाड़ी (कन्हादेवी) क्षेत्र में धान के खेत की मेंड़ पर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे नवेगांव खैरी स्थित पेंच प्रकल्प के जलाशय में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, टेकाड़ी-कन्हादेवी मार्ग पर किसान महादेव तुमडाम के धान के खेत में दोपहर करीब 2 से 4.30 बजे के बीच किसानों ने मगरमच्छ को देखा। इसकी सूचना खेत मालिक ने तत्काल वन विभाग को दी। क्षेत्र सहायक जे.पी. मेढे, वनरक्षक एस.एल. पिल्लेवान और सागर कोहले की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को पकड़कर उसे नवेगांव खैरी जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस पाटिल प्रमिला भोयर के अनुसार, मगरमच्छ संभवतः पेंच डैम के बहाव के साथ गांव की ओर आया और खेत तक पहुंच गया। घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे भगाने या पकड़ने का प्रयास करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग, पुलिस पाटिल या ग्राम पंचायत को दें। साथ ही नवेगांव खैरी डैम, गांव के तालाब, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है।





