– नागपुर दौरे के दौरान डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की सफलता और मजबूत नेतृत्व के लिए की प्रार्थना
नागपुर :- शिवसेना नेता संजय निरुपम ने बुधवार को नागपुर दौरे के दौरान प्रसिद्ध टेकड़ी गणेश मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने विशेष आरती में शामिल होकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सफल कार्यकाल और मजबूत नेतृत्व के लिए प्रार्थना की।
निरुपम ने बाद में महालक्ष्मी मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान पार्टी के अन्य नेता भी उनके साथ मौजूद रहे और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।
मीडिया से बातचीत में निरुपम ने कहा कि पार्टी नेताओं ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अच्छे स्वास्थ्य, सफलता और जनसेवा में निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिंदे का नेतृत्व और मजबूत होगा तथा वे महाराष्ट्र की जनता की सेवा में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
निरुपम ने शिंदे को लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि उनकी सफलता और मजबूत नेतृत्व के लिए की गई प्रार्थना पार्टी के नेताओं के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी महाराष्ट्र के विकास और जनहित के लिए उनके नेतृत्व में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।





