spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नागपुर की डॉक्टर युवती की सांगली में मौत

– तेज रफ्तार कार ने दोपहिया को मारी टक्कर

नागपुर :- शहर के शिवाजी नगर निवासी एक सुखी-संपन्न परिवार पर बुधवार रात दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार की होनहार बेटी और डॉक्टर खुशी पवन मूंदड़ा (25) की सांगली में सड़क हादसे में मौत हो गई। खुशी सांगली के शासकीय मेडिकल कॉलेज में शल्य चिकित्सा (सर्जरी) विषय में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई कर रही थीं और निवासी डॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। ड्यूटी पूरी कर दोपहिया वाहन से घर लौटते समय पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शिवाजीनगर निवासी व्यवसायी पवन मूंदड़ा और उनकी पत्नी के तीन बच्चे हैं। खुशी तीनों भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनकी मां मनोचिकित्सा परामर्शदाता हैं। खुशी ने कड़ी मेहनत के बल पर वर्ष 2024 में मुंबई के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने और सर्जरी में विशेषज्ञता हासिल करने का लक्ष्य लेकर उन्होंने इसके बाद सांगली के शासकीय मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। वह नियमित रूप से निवासी डॉक्टर के रूप में मरीजों की सेवा कर रही थीं।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

बुधवार रात करीब 2.30 बजे खुशी अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद दोपहिया वाहन से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल खुशी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सांगली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

खुशी के निधन की खबर नागपुर स्थित परिवार तक पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। डॉक्टर बनकर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने और स्नातकोत्तर शिक्षा पूरी करने के बाद नागपुर लौटकर मरीजों की सेवा करने का उनका सपना अधूरा रह गया। परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में इस आकस्मिक निधन से गहरा दुख है।

Popular Articles