– कॉटन मार्केट में पता पूछने के बहाने झपटा था सोने का लॉकेट
नागपुर :- गणेशपेठ थाना क्षेत्र के कॉटन मार्केट परिसर में पता पूछने के बहाने युवक के गले से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हुए तीन आरोपियों को अपराध शाखा की चैन स्नैचिंग चोरी विरोधी टीम ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन समेत करीब डेढ़ लाख रुपए का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे पानीपुरी का व्यवसाय करने वाले अंबाझरी निवासी रजत राजकुमार गुप्ता (23) सामान खरीदने के लिए कॉटन मार्केट परिसर में सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रोककर पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान आरोपी ने मौका पाकर रजत के गले से करीब 3 ग्राम वजन का सोने का लॉकेट झपट लिया और अपने दो साथियों के साथ दोपहिया वाहन से फरार हो गया। लॉकेट की कीमत करीब 11 हजार रुपए बताई गई है। घटना के बाद रजत ने गणेशपेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा की चैन स्नैचिंग चोरी विरोधी टीम ने समानांतर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुनेद अख्तर खान, मोहम्मद साजिद शेख उर्फ मोनू और फैजान शेख यासीन शेख को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कॉटन मार्केट में लॉकेट झपटमारी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस रिकॉर्ड की जांच में दो आरोपियों के खिलाफ पूर्व में चोरी और चैन स्नैचिंग के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी नशे के आदी हैं और ताजबाग परिसर स्थित एक फूल की दुकान में काम करते हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गणेशपेठ पुलिस के हवाले कर दिया।





