spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

लोकायुक्त संस्था के चार सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

· राज्यपाल ने न्यायिक एवं गैर-न्यायिक सदस्यों को दिलाई शपथ

 मुंबई :- वर्ष 2023 के नए लोकायुक्त अधिनियम के तहत नियुक्त महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के दो न्यायिक तथा दो गैर-न्यायिक सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह लोकभवन, मुंबई में संपन्न हुआ। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को पद की शपथ दिलाई।

सर्वप्रथम राज्यपाल ने मुंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुरेंद्र पंढरीनाथ तावडे को महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। इसके पश्चात सेवानिवृत्त मुख्य जिला न्यायाधीश सुवर्णा किशोर केवले को संस्था के दूसरे न्यायिक सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई।

सेवानिवृत्त अतिरिक्त मुख्य सचिव ओम प्रकाश गुप्ता तथा राज्य की पूर्व पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला को भी न्यायिक सदस्यों के अतिरिक्त सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई।

सभी सदस्यों की नियुक्ति पाच वर्ष के कार्यकाल के लिए अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, इनमें से जो पहले हो, तब तक की गई है।

शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, लोकायुक्त न्यायमूर्ति विद्यासागर कानडे, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, वरिष्ठ शासकीय अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

समारोह के प्रारंभ में राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे ने महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के सभी नवनियुक्त सदस्यों की नियुक्ति संबंधी राज्यपाल की अधिसूचना पढ़कर सुनाई।

शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रगान एवं महाराष्ट्र राज्यगीत के गायन से हुआ, जबकि समारोह का समापन ‘वंदे मातरम्’ तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।

राज्यपाल के निर्देशानुसार सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना भी प्रदान की।

Popular Articles