– तेलंगाना की घटना,’बाबू’ से खुला मर्डर मिस्ट्री का राज
हैदराबाद :- नलगोंडा जिले में प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर रूपा रेड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसी स्कूल के 10वीं कक्षा के दो नाबालिग छात्रों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने चोरी के इरादे से रूपा के घर में घुसने की कथित योजना बनाई थी। इसी दौरान पहचान उजागर होने के डर से उन पर हमला किया गया।
रूपा 11 अगस्त को अपने घर में मृत मिली थीं। पुलिस के अनुसार, उन पर चाकू से हमला किया गया था। जांच के दौरान उनकी मौसी से हुई आखिरी फोन बातचीत अहम सुराग बनी। फोन बंद होने से कुछ देर पहले रूपा ने बातचीत में ‘बाबू’ शब्द कहा था। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के छात्रों और स्टाफ से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान 10वीं के दो छात्रों पर शक गहराया, क्योंकि हत्या के बाद वे अचानक पैसे खर्च करने और दोस्तों के साथ पार्टी करने लगे थे। पुलिस ने एक छात्र के पास से 1.51 लाख रुपये नकद और आईफोन बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, नकदी की फोरेंसिक जांच में खून के निशान मिले।
जांच में सामने आया कि इनमें से एक छात्र को करीब 15 दिन पहले स्कूल में मोबाइल फोन और नकदी ले जाते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उसे डांट लगाई गई थी और हॉस्टल से हटाने का फैसला लिया गया था। पुलिस को शक है कि इसी घटना के बाद उसने रूपा के घर को निशाना बनाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित तौर पर घटना से करीब पांच दिन पहले योजना बनाई और 11 अगस्त को एक छात्र घर में दाखिल हुआ, जबकि दूसरा बाहर इंतजार करता रहा। घर के अंदर मौजूद रूपा ने उसे देख लिया, जिसके बाद पहचान उजागर होने के डर से उन पर हमला किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी करीब 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गए और बाद में कपड़े नाले में फेंक दिए।
दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। उन्हें जुवेनाइल होम भेजने की प्रक्रिया जारी है।





