– सामाजिक सुरक्षा पथक की कार्रवाई, 31 हजार रुपये की सामग्री जब्त
नागपुर – सामाजिक सुरक्षा पथक, अपराध शाखा ने रात की गश्त के दौरान पांचपावली थाना क्षेत्र के टेका नाका स्थित एक हुक्का पार्लर पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट, विभिन्न फ्लेवर और हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत कुल 31,020 रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात 12.54 से सुबह 4.30 बजे के बीच सिद्धार्थ नगर, टेका नाका स्थित श्री मंगल डेयरी के सामने प्लॉट नंबर-2 पर छापा मारा गया। इस दौरान आरोपी ग्राहकों को तंबाकू जन्य हुक्का उपलब्ध कराने के साथ उसके सेवन के लिए सुविधाएं मुहैया कराते मिले। कार्रवाई में शाहरुख नसरुल्ला खान (30), शेख अरमान शेख नासिर (20) और मोहम्मद समीर मोहम्मद अंसारी (20), सभी पांचपावली क्षेत्र के निवासी, को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की संबंधित धाराओं तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 272 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त सामग्री और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए पांचपावली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा पथक के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में की गई।





