spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग, गोवा से चार गिरफ्तार

– जयपुर तक जांच का दायरा, चार आरोपियों को तीन दिन का PCR

नागपुर :- ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग और प्रतिबंधित गेमिंग के आर्थिक लेन-देन के लिए विभिन्न लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में प्रताप नगर पुलिस ने गोवा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच का दायरा अब गोवा से आगे राजस्थान के जयपुर तक पहुंच गया है। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए गए म्यूल बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।

प्रताप नगर पुलिस और पुलिस उपायुक्त के विशेष दस्ते की जांच में अब तक करीब 128 बैंक खातों के जरिए लगभग 30 लाख रुपये का लेन-देन होने की जानकारी सामने आई है। नागपुर में गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण के दौरान गोवा में सक्रिय संदिग्धों से संपर्क होने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने गोवा के तालेगांव, पणजी स्थित एक फ्लैट पर छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयपुर, राजस्थान निवासी रणजीत सिंह भवानी सिंह चव्हाण (26), हजारीबाग, झारखंड निवासी जितेंद्र बलदेव यादव (28), गढ़वा, झारखंड निवासी अमित कुमार संतोष पासवान (27) और पलामू, झारखंड निवासी मुन्ना रघुवीर पासवान (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड लेकर चारों को नागपुर लाया। उनके पास से 21 मोबाइल फोन और दो लैपटॉप जब्त किए गए हैं।

जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों के साथ ही बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस अब जयपुर से जुड़े बैंक खातों और संदिग्ध लेन-देन की भी पड़ताल करेगी। इस मामले की देशभर में व्याप्त नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है। इस बीच, पुलिस ने बुधवार को चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और डिजिटल उपकरणों की जांच से ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क तथा म्यूल खातों से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.