– ATS और NIA भी जुटी जांच में
नागपुर :- शहर के 16 स्कूलों समेत जिलाधिकारी कार्यालय, महानगरपालिका और जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के मामले में अब आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी जांच में जुट गई हैं। घटना के 48 घंटे बाद भी धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले का कोई सुराग नहीं मिला है।
मंगलवार को धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और स्थानीय पुलिस ने सभी स्कूलों व सरकारी कार्यालयों की गहन जांच की। बुधवार को भी स्कूल खुलने से पहले सुरक्षा जांच की गई। हालांकि, किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ई-मेल वर्चुअल नेटवर्क (VPN) के जरिए भेजे गए थे। प्रारंभिक तकनीकी जांच में दो ई-मेल बांग्लादेश और एक फ्रांस से भेजे जाने के संकेत मिले हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि VPN के इस्तेमाल के कारण वास्तविक लोकेशन की पुष्टि नहीं हो सकी है।
ई-मेल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई थीं, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है। ATS और NIA ने शहर पुलिस से मामले से जुड़ी सभी तकनीकी और जांच संबंधी जानकारी हासिल की है।
घटना के बाद स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को अधिकांश स्कूलों ने छात्रों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करने और नियमित सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।





