spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

जिधर ज्यादा ट्रैफिक, उधर ज्यादा ग्रीन

– 28 चौराहों पर बदला सिग्नल टाइमिंग

– पीक ऑवर्स में 18 से 55 सेकंड तक मिलेगा ग्रीन टाइम

नागपुर :- शहर के व्यस्त चौराहों पर अब ट्रैफिक की भीड़ के हिसाब से सिग्नल चलेगा। जिन मार्गों पर वाहनों का दबाव अधिक है, वहां ग्रीन लाइट का समय बढ़ाया गया है, ताकि लंबी कतारों को तेजी से कम किया जा सके। ट्रैफिक पुलिस ने सुबह और शाम के पीक ऑवर्स के लिए 28 प्रमुख चौराहों के सिग्नल टाइमिंग में बदलाव किया है। हालांकि, एक दिशा में बढ़ा ग्रीन टाइम दूसरी दिशाओं के वाहन चालकों के इंतजार को बढ़ा सकता है।

ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर यातायात के दबाव का अध्ययन करने के बाद यह बदलाव किया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी दिशाओं को बराबर समय देने के बजाय अधिक ट्रैफिक वाले मार्गों को प्राथमिकता देने से पीक ऑवर्स में जाम की स्थिति नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। मनपा के बिजली विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के अनुरोध पर अलग-अलग सिग्नल के ग्रीन टाइम में 5 से 15 सेकंड तक बदलाव किया गया है।

शहर में कुल 171 ट्रैफिक सिग्नल हैं, जिनमें करीब 161-162 फिलहाल कार्यरत हैं। नए टाइमिंग का प्रयोग फिलहाल सीताबर्डी ट्रैफिक पुलिस डिवीजन के प्रमुख चौराहों पर किया गया है.

कहीं 18 तो कहीं 55 सेकंड की ग्रीन लाइट

नए टाइमिंग में अलग-अलग मार्गों के लिए ग्रीन टाइम 18 से 55 सेकंड तक रखा गया है। कृपलानी चौक पर रहाटे चौक की ओर जाने वाले यातायात को 55 सेकंड और अजनी चौक की दिशा को 45 सेकंड का ग्रीन टाइम दिया गया है। रहाटे चौक पर मॉरिस चौक की ओर जाने वाले मार्ग को भी 55 सेकंड मिलेंगे।

संविधान चौक पर एमएसईबी की ओर जाने वाले मार्ग को 55 सेकंड, लोकमत चौक पर कल्पना बिल्डिंग की ओर जाने वाले यातायात को 50 सेकंड और जीरो माइल चौक पर मॉरिस चौक की दिशा को 50 सेकंड का ग्रीन टाइम दिया गया है। भोले पेट्रोल पंप चौक पर लॉ कॉलेज की ओर जाने वाले वाहनों के लिए 40 सेकंड का ग्रीन फेज निर्धारित है।

एक तरफ राहत, दूसरी तरफ बढ़ेगा इंतजार

कृपलानी चौक पर चार ग्रीन फेज 22, 55, 28 और 45 सेकंड के हैं। यदि इन्हें क्रमवार माना जाए तो कुल समय 150 सेकंड यानी ढाई मिनट होता है। इसमें एम्बर और ऑल-रेड फेज का समय शामिल नहीं है। ऐसे में 22 सेकंड वाले ग्रीन फेज के ठीक बाद पहुंचने वाले वाहन को अगली ग्रीन लाइट के लिए सैद्धांतिक रूप से 128 सेकंड तक इंतजार करना पड़ सकता है।हालांकि, यह केवल संकेतात्मक गणना है। वास्तविक प्रतीक्षा समय सिग्नल फेज के क्रम, एम्बर, ऑल-रेड और पैदल यात्री फेज पर निर्भर करेगा।

मॉरिस कॉलेज चौक पर अलग-अलग दिशाओं के लिए 22, 28, 75 और 50 सेकंड के ग्रीन फेज निर्धारित किए गए हैं। इनमें 75 सेकंड सबसे लंबा ग्रीन फेज है। वहीं, चौक के एक मार्ग पर भूमिगत सुरंग निर्माण के कारण यातायात पहले से प्रभावित है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नए टाइमिंग की निगरानी की जाएगी। यदि किसी मार्ग पर अपेक्षित सुधार नहीं होता या दूसरे मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ता है, तो ट्रैफिक फ्लो के आधार पर सिग्नल टाइमिंग में आगे भी बदलाव किया जा सकता है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.