spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

आईफोन के लिए पहाड़ी से कूदा बेटा

– बचाने पिता भी गिरे, सदमे में मां ने भी छलांग लगाई,पूरा परिवार तबाह

छत्रपति संभाजीनगर :-  महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में नया आईफोन खरीदने की जिद को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शुक्रवार को तिसगांव इलाके की खावड्या पहाड़ी पर 18 वर्षीय युवक कुणाल ने जान गंवा दी। उसे बचाने के प्रयास में उसके पिता मुरलीधर की भी मौत हो गई। घटना से सदमे में आई मां संगीता ने भी अपनी जान गंवा दी। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुणाल के पास पहले से आईफोन था, लेकिन वह उसका नया और अपग्रेडेड वर्जन खरीदने की जिद कर रहा था। मां संगीता ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए तत्काल नया फोन खरीदने से इनकार कर दिया और बाद में दिलाने की बात कही। इससे नाराज होकर कुणाल सुबह करीब 10 बजे खावड्या पहाड़ी पर चला गया। कुणाल को समझाने के लिए उसके पिता मुरलीधर, मां और कुछ पड़ोसी भी पहाड़ी पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक सभी उसे समझाते रहे और वापस लौटने के लिए मनाते रहे।

ग्रामीणों ने उसे मोबाइल फोन दिलाने का आश्वासन भी दिया, लेकिन वह काफी परेशान था और किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। युवक को सुरक्षित बचाने के लिए पहाड़ी की तलहटी में सुरक्षा जाल लगाया गया था। हालांकि, पहाड़ी पर उसकी स्थिति लगातार बदलती रही, जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। दोपहर करीब एक बजे पिता मुरलीधर बेटे को रोकने के लिए उसके पास पहुंचे। इसी दौरान दोनों के बीच हुई हलचल में मुरलीधर भी नीचे जा गिरे। घटना के बाद मां संगीता ने भी सदमे में अपनी जान गंवा दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

गांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव के मुताबिक, कुणाल के छोटे भाई की भी करीब चार साल पहले मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरा परिवार तबाह हो गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

मोबाइल की जिद ने उजाड़ दिया परिवार

एक मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना गंभीर हो गया कि परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। घटना ने अभिभावकों और युवाओं के बीच संवाद, भावनात्मक तनाव तथा ऐसी परिस्थितियों में समय रहते मदद लेने की जरूरत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.