– केडीके टी-पॉइंट पर कार्रवाई, महिला साथी रुखसार की तलाश
नागपुर :- नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने नंदनवन थाना क्षेत्र के केडीके कॉलेज टी-पॉइंट के पास एक युवक को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 10.860 ग्राम एमडी, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 1,78,520 रुपये का माल जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवणकर झोपड़पट्टी, नंदनवन निवासी नूर मोहम्मद उर्फ मोबिन फिरोज खान (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10.55 बजे क्राइम ब्रांच के गश्ती दल को सूचना मिली थी कि केडीके कॉलेज टी-पॉइंट के पास मैदान में एक युवक एमडी बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर नूर मोहम्मद को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3,520 रुपये नकद मिले, जबकि दोपहिया वाहन में 10.860 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने एमडी, वाहन, मोबाइल और नकदी समेत 1,78,520 रुपये का माल जब्त किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे एमडी रुखसार नामक महिला ने उपलब्ध कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने रुखसार को भी मामले में आरोपी बनाया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रुखसार का पति भी कथित तौर पर ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल में बंद है। अब पुलिस रुखसार से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।





