नागपुर :- शहर के दो प्रमुख तालाबों में शुक्रवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोनेगांव तालाब में 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ, जबकि अंबाझरी तालाब से 45 से 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह सोनेगांव तालाब में एक युवक का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अजय कुवरलाल कटरे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजय बुधवार रात ड्यूटी से घर लौटने के बाद खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह उसके घर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार को उसका शव तालाब में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसी दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अंबाझरी तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा किया। मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस शहर में हाल में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जानकारी जुटाकर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल दोनों मामलों में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है।





