नागपुर :- शहर के एंकर, लेखक, समीक्षक, व्यंग्यकार, गायक, मोटिवेशनल स्पीकर, कवि आनंद राज आनंद द्वारा लिखित तीन पुस्तकों ‘थोड़ा आसमां’ (संस्मरण संग्रह), ‘तेरे शहर में हूं’ (काव्य-संग्रह) और ‘फूल खिलते रहेंगे’ (मुक्तक -संग्रह) का हाल ही में विमोचन विदर्भ हिन्दी साहित्य संघ के उत्कर्ष हॉल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सम्मान समारोह, हास्य कवि-सम्मेलन एवं संगीत-संध्या का भी आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में डॉ. महेश तिवारी, प्रो मनीष बाजपेयी, मुकेश मनमौजी, सुदर्शन चक्रधर, सुदामा आक्रांत एवं विनोद विद्रोही, गोविन्दा गावठी शामिल रहे। कवियों के करकमलों से पुस्तक विमोचन किया गया। इस अवसर पर साहित्य सेवा के लिए अक्षर आनंद साहित्यिक संस्था द्वारा कवि मुकेश मनमौजी को ‘साहित्य पुरोधा जीवन गौरव सम्मान’ एवं कवि सुदामा आक्रांत को ‘साहित्य शिरोमणि मैत्री गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इन तीन पुस्तकों के साथ अब तक आनंद राज की चौदह पुस्तकों का प्रकाशन/विमोचन हो चुका है। इस अवसर पर एक रंगारंग संगीत-संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसका संयोजन बजरंगी एंटरटेनर्स की डायरेक्टर जया धाबेकर द्वारा किया गया । कवि सम्मेलन में सभी कवियों ने अपनी रचनाओं से उपस्थित श्रोताओं को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया एवं रंगारंग संगीत-संध्या में नागपुर शहर के जानेमाने आमंत्रित कलाकारों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम का संयोजन अक्षर आनंद साहित्यिक संस्था एवं बजरंगी एंटरटेनर्स के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का मंच-संचालन कवि/एंकर आनंद राज आनंद ने किया। कार्यक्रम के सफलतार्थ बजरंगी एंटरटेनर्स की डायरेक्टर जया धाबेकर ने अथक परिश्रम किया। विनोद अग्रवाल एवं दिलीप पराते ने बहुमूल्य तकनीकी सहयोग दिया।





