नागपुर :- नया कामठी थाना क्षेत्र के सईद नगर, न्यू कॉलोनी में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में अपराध शाखा यूनिट-5 ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान न्यू गोडाउन, नया कामठी निवासी विशाल उर्फ नांदी राजाराम कुशवाह (19) के रूप में हुई है। उसके दो साथी वारिसपुरा, कामठी निवासी सोहेल दरगा और यूसुफ की पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सईद नगर निवासी वसीम अख्तर कलीम अख्तर (34) स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह करीब 8.45 बजे घर में ताला लगाकर परिवार के साथ ससुराल गए थे। अगले दिन लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर घर से 8 हजार रुपए नकद, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, पैनकार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत करीब 16,500 रुपए का माल चोरी होने का पता चला। नया कामठी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान विशाल पर संदेह होने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की कबूली दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दोनों साथियों की तलाश जारी है।





