– नागपुर, गोंदिया और अहमदाबाद में 12 ठिकानों पर तलाशी
नागपुर :- ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में कथित धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नागपुर सब-जोनल कार्यालय ने 18 अगस्त 2026 को बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने आरोपी अनंत नवरत्न जैन उर्फ सोंटू जैन और उसके सहयोगियों से जुड़े नागपुर, गोंदिया तथा अहमदाबाद स्थित 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत चल रही जांच के सिलसिले में की गई। जांच कथित तौर पर हेरफेर किए गए ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित गेमिंग एवं सट्टेबाजी धोखाधड़ी से संबंधित है।
तलाशी के दौरान ईडी को 30.30 लाख रुपये की नकदी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। इसके अलावा अचल संपत्तियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण एवं आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद कर जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी ने कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक बैंक खातों, म्यूचुअल फंड और शेयरों को फ्रीज किया है। इनकी कुल अनुमानित कीमत अथवा बैंक बैलेंस करीब 5 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा दो बैंक लॉकर भी फ्रीज किए गए हैं। ईडी ने करीब 1.70 करोड़ रुपये मूल्य की तीन लग्जरी गाड़ियों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया है। एजेंसी की यह कार्रवाई ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों की जांच का हिस्सा है।





