– पति समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर :- तहसील थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने और शादी के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव के बाद सामने आए मामले में पुलिस ने उसके पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक,नाबालिग की मेडिकल अस्पताल में डिलीवरी हुई थी।अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज किया। बयान में उसने बताया कि दोनों परिवारों की सहमति से आरोपी 28 वर्षीय युवक के साथ उसका विवाह रीति-रिवाज के अनुसार कराया गया था। शादी के बाद वह आरोपी के साथ ससुराल में रह रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग की उम्र कम होने की जानकारी होने के बावजूद उसके परिजनों और अन्य आरोपियों ने उसका विवाह आरोपी युवक से कराया। आरोप है कि शादी के बाद आरोपी पति ने नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। बाद में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। मामला सामने आने के बाद तहसील पुलिस ने आरोपी पति सहित परिवार के अन्य तीन लोगों समेत विवाह लगाने वाले के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम और बाल विवाह निषेध कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





