– 150 फीट गहरी खाई में चला डेढ़ घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन
– SDRF ने चारों को सुरक्षित निकाला
नागपुर :- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के कुकड़ीखापा जलप्रपात पर रविवार को नागपुर के चार युवकों की जान उस समय मुश्किल में पड़ गई, जब अचानक पानी का बहाव तेज होने से वे चट्टान पर फंस गए। करीब 150 फीट गहरी खाई के बीच फंसे युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए मदद का इंतजार किया। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाए गए युवकों की पहचान श्याम बोरकर (25), अथर्व डोके (22), मनीष उइके (25) और सतीश बावने (23) के रूप में हुई है। चारों रविवार को कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने गए थे। वे जलप्रपात के बीच एक चट्टान पर मौजूद थे, तभी पहाड़ी क्षेत्र में हो रही तेज बारिश के कारण पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। इससे वे वहीं फंस गए।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया प्रशासन
जलप्रपात के पास युवकों के फंसे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसकी जानकारी मिलते ही उमरानाला पुलिस चौकी के प्रभारी अधिकारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने एसडीआरएफ को सूचना दी और बचाव दल को बुलाया गया।तेज बहाव और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। एसडीआरएफ जवानों ने आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और रस्सियों की मदद से नीचे उतरकर युवकों तक पहुंच बनाई। उनकी सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बाद चारों युवकों को एक-एक कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
एसडीआरएफ के गणेश कुमार धुर्वे के अनुसार, उमरानाला पुलिस चौकी से दोपहर करीब 2 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम आवश्यक बचाव सामग्री के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। करीब एक घंटे बाद टीम मौके पर पहुंची।
दोपहर करीब 3.15 बजे बचाव कार्य शुरू किया गया। गहरी खाई और तेज पानी के बहाव के कारण जवानों को नीचे उतरने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी। रस्सियों की मदद से जवान युवकों तक पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।





