– मनपा आयुक्त की नागरिकों और विक्रेता प्रतिनिधियों से की अपील
नागपुर :- राज्य सरकार द्वारा सभी शहरी स्थानीय निकायों के लिए एक समान और व्यापक पथ विक्रेता योजना तैयार करने का निर्णय लिया गया है। इसी संबंध में गुरुवार को नागपुर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्थानीय प्राधिकरण और नगर पथ विक्रेता समिति के प्रतिनिधियों के साथ योजना के मसौदे पर चर्चा की गई। आयुक्त डॉ. विपिन ने संबंधित पक्षों से 30 सितंबर तक मसौदे पर आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत करने का आह्वान किया। मनपा के उपायुक्त (बाजार) मंगेश खवले, सहायक पुलिस आयुक्त गिरीश बाणे, पथ विक्रेता प्रतिनिधि अब्दुल रज्जाक कुरैशी, मोहम्मद शेखजी कुरैशी सहित समिति के सदस्य तथा मनपा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। मनपा प्रशासन के अनुसार, पथ विक्रेता योजना के मसौदे से संबंधित जानकारी मनपा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक नागरिक और संबंधित पक्ष निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियां व सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं।





