– 12वीं की लिखित परीक्षा 8 फरवरी से, 10वीं की परीक्षा 15 फरवरी से होगी शुरू
नागपुर :- महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड के सचिव डॉ. दीपक माली ने गुरुवार, 17 सितंबर को परीक्षा की तारीखों की घोषणा की। कक्षा 12वीं की लिखित परीक्षाएं 8 फरवरी से 16 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, प्रायोगिक, श्रेणी और मौखिक परीक्षाएं 20 जनवरी से 6 फरवरी 2027 के बीच होंगी। कक्षा 10वीं की लिखित परीक्षाएं 15 फरवरी से 11 मार्च 2027 तक चलेंगी। 10वीं की प्रायोगिक, श्रेणी और मौखिक परीक्षाएं 28 जनवरी से 13 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।
10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं राज्य के पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, मुंबई, कोल्हापुर, अमरावती, नाशिक, लातूर और कोंकण समेत नौ विभागीय मंडलों के अंतर्गत आयोजित की जाएंगी। आमतौर पर बोर्ड की संभावित परीक्षा तारीखें जुलाई या अगस्त में घोषित की जाती हैं, लेकिन इस बार सितंबर में कार्यक्रम जारी किया गया है। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा कार्यक्रम पहले जारी करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा और पढ़ाई की बेहतर तैयारी के लिए पर्याप्त समय देना है।
मई के अंत तक परिणाम संभावित
10वीं और 12वीं के परिणाम सामान्यतः मई के अंत या जून के पहले सप्ताह में घोषित किए जाते हैं। अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों तथा अंक सुधार के लिए परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए पूरक परीक्षाएं आमतौर पर जुलाई के तीसरे सप्ताह से आयोजित की जाती हैं।





