– हेलमंद में दो मकानों को बनाया निशाना, मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल
काबुल :- अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में पाकिस्तान ने गुरुवार को अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में हवाई हमला किया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हमले में 22 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पाकिस्तान सरकार ने मारे गए लोगों को आतंकवादी बताया है।
हेलमंद प्रांत के सूचना एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख मौलाना शेर मोहम्मद वहदत ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाई में गरम्सिर जिले के दो रिहायशी मकानों को निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमले में बड़ी संख्या में आम नागरिक प्रभावित हुए हैं।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे होने का दावा
अफगान अधिकारियों ने दावा किया है कि हमले में मारे गए और घायल हुए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी में चार लोगों की मौत और छह के घायल होने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 बताई गई। घटना को लेकर दोनों पक्षों के दावों में अंतर है।








