मुंबई :- दिवाली और छठ पर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए सेंट्रल रेलवे ने मुंबई से समस्तीपुर और दानापुर के लिए दो स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इन ट्रेनों के साथ आगामी त्योहारी सीजन में सेंट्रल रेलवे द्वारा चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की संख्या 580 हो गई है।
एलटीटी-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल (01043/01044) 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को मुंबई से और 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को समस्तीपुर से चलेगी। यह ट्रेन ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना, प्रयागराज छिवकी, डीडीयू जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर व मुजफ्फरपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
एलटीटी -दानापुर दैनिक स्पेशल (01143/01144) 9 अक्टूबर से 21 नवंबर तक मुंबई से तथा 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक दानापुर से प्रतिदिन चलेगी। इसका ठहराव ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना, प्रयागराज छिवकी, डीडीयू जंक्शन, बक्सर और आरा में होगा।
दोनों ट्रेनों की बुकिंग 2 अक्टूबर से PRS काउंटर, आईआरसीटीसी वेबसाइट और रेलवन ऐप पर शुरू होगी। अनारक्षित कोच के टिकट यूटीएस के माध्यम से लिए जा सकेंगे।








