नागपुर :- कपिल नगर थाना क्षेत्र के कामगारनगर में पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति द्वारा मारपीट कर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी की मौत को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आंतरिक चोट सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। कपिलनगर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान न्यू म्हाडा कॉलोनी, कामगारनगर निवासी लक्ष्मी रोशन शाहाकार (33) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति रोशन किशोर शाहाकार (42) है।
पुलिस के अनुसार, रोशन को पिछले कुछ दिनों से पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। गुरुवार रात लक्ष्मी काम से घर लौटी थी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में रोशन ने लक्ष्मी के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं और वह जमीन पर गिर पड़ी। बाद में उसकी मौत हो गई। आरोपी रोशन पत्नी को मेयो अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां उसने बताया कि घर की सीढ़ियों से गिरने के कारण लक्ष्मी के सिर में चोट लगी है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कपिलनगर पुलिस को दी। पुलिस के समक्ष भी आरोपी ने हादसे की ही कहानी बताई। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लक्ष्मी की मौत आंतरिक चोटों के कारण होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने रोशन से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पत्नी के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।








