– राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने जारी की सूची
नागपुर :- नागपुर संभाग स्नातक चुनाव क्षेत्र सीट के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। नागपुर सीट के लिए सिटिंग विप सदस्य अभिजीत वंजारी को ही दोबारा मैदान में उतारा गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नागपुर, पुणे व अमरावती सीट के उम्मीदवार के नाम की अधिकृत सूची घोषित की है।. पुणे से शिक्षक निर्वाचन सीट से जयंत आसगांवकर व अमरावती के लिए प्रो. अदिति पोहरे का नाम फाइनल कर दिया गया है।
नागपुर से दोबारा वंजारी के नाम की घोषणा के साथ ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस ने काफी पहले ही जता दिया था कि वंजारी ही उम्मीदवार होंगे। अब उनके खिलाफ भाजपा किसे मैदान में उतारती है यह देखने वाली बात होगी। जैसा माहौल चल रहा है उससे इस बार कांटे की टक्कर होने की संभावना है। क्योंकि, भाजपा अपनी खोयी हुई सीट वापस हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाएगी।
जोशी को हराकर छीनी थी सीट
वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा ने अपने विप सदस्य अनिल सोले की जगह संदीप जोशी को मैदान में उतारा था। उनके खिलाफ कांग्रेस ने अभिजीत वंजारी को टिकट दी थी। उस समय कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 2,07,000 थी और 1,32,923 वोट पड़े थे। अपने लिए सुरक्षित समझने वाली भाजपा को यह सीट गंवानी पड़ी क्योंकि उसके उम्मीदवार जोशी को 42,792 वोट मिले जबकि कांग्रेस के वंजारी ने 61,701 वोट हासिल कर 18,910 वोटों के अंतर से उन्हें पराजित कर दिया।अब जब 23 अक्टूबर को मतदान होने वाला है तो भाजपा अपने इस गढ़ पर किसी भी कीमत में दोबारा कब्जा जमाने का प्रयास करेगी। वहीं, कांग्रेस किसी भी तरह की चुनौती से निपटते हुए यह सीट खोना नहीं चाहेगी।








